अमेरिकी टैरिफ फैसले से वैश्विक बाजारों में गिरावट, भारतीय बाजार पर असर
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चीन पर 100% टैरिफ लगाने का बड़ा ऐलान किया है, जिसके बाद वैश्विक बाजारों में भारी गिरावट देखने को मिली। यह निर्णय न केवल अमेरिका और चीन के बीच व्यापारिक तनाव को बढ़ा रहा है, बल्कि इसका असर दुनियाभर के बाजारों पर भी साफ दिखाई दे रहा है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस वैश्विक गिरावट का सीधा प्रभाव भारतीय शेयर बाजार पर सोमवार को देखने को मिलेगा। बीते कुछ दिनों में एफआईआई (Foreign Institutional Investors) ने लगातार भारतीय बाजार में खरीदारी की थी, लेकिन अब यह स्थिति उनके लिए नुकसानदायक साबित हो सकती है। अगर सोमवार को बाजार में तेज गिरावट के साथ कारोबार शुरू होता है, तो एफआईआई की हालिया नेट बाइंग पोजीशन पर दबाव बन सकता है।

हालांकि, बैंकिंग सेक्टर में बड़ी गिरावट की संभावना कम मानी जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार, अगर शुरुआती सत्र में कमजोरी भी दिखे, तो बाद में रिकवरी देखने को मिल सकती है।
मार्केट एनालिस्ट्स का सुझाव है कि जब बाजार गिरावट के साथ खुले, तो निवेशकों को पहले कुछ समय तक रिकवरी के संकेतों का इंतजार करना चाहिए। अगर शुरुआती 15 मिनट की कैंडल का लो नीचे की ओर ब्रेक करता है, तो बाजार में और करेक्शन देखने को मिल सकता है। वहीं, अगर उसी कैंडल का हाई ब्रेक होता है, तो मार्केट में तेजी से रिकवरी देखने को मिलेगी।
ऐसे अस्थिर माहौल में निवेश करने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार या मार्केट एक्सपर्ट से राय जरूर लें, ताकि अनावश्यक नुकसान से बचा जा सके।
